MUSTFA
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के केदल (मंडाटांड) गांव में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने और 50 हजार रुपये नकद सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज छीन लेने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में पीड़ित बुजुर्ग बालेश्वर महतो (पिता- स्व. लालनाथ महतो) ने बीआईटी मेसरा ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराकर नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। थाना को दिए आवेदन के अनुसार,घटना 26 अगस्त की सुबह लगभग 10 बजे की है।
पीड़ित बालेश्वर महतो अपने निर्माणाधीन मकान पर काम करवा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही संजय लाल महतो,उसकी भगनी मोनिका देवी,अनुराग उर्फ साहुल महतो और प्रणव कुमार महतो एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए वहां पहुंचे। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से बुजुर्ग के सिर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बालेश्वर महतो मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गए।
आरोप है कि बुजुर्ग को अचेत अवस्था में छोड़कर हमलावर उनकी जेब में रखे 50 हजार रुपये (जो निर्माण सामग्री के भुगतान के लिए रखे गए थे), एक डायरी और कुछ महत्वपूर्ण व्यक्तिगत दस्तावेज छीनकर फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों के जुटने पर पीड़ित को संभाला गया और परिजनों की मदद से सदर अस्पताल रांची में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर 6 टांके लगाए गए हैं। अस्पताल में उपचार के बाद पीड़ित ने अपने छोटे बेटे प्रेम कुमार महतो के साथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। शिकायत में उल्लेख है कि आरोपी घटना के बाद से ही पूरे परिवार और मामले में गवाही देने वालों को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित ने छीने गए दस्तावेजों के दुरुपयोग और परिवार के जान-माल पर बने खतरे की आशंका जताई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
