By sunil
रांची। कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में गुरुवार को रक्षा बंधन का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने आकर्षक राखियां तैयार की और पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।। इससे एक पखवाड़ा पहले दिव्यांग जनों के लिए कार्य करनेवाली संस्था दीपशिखा -चाइल्ड डेवलपमेंट एंड मेंटल हेल्थ , नामकुम के बच्चों के द्वारा तैयार की गई राखियों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए विद्यालय परिसर में स्टॉल लगाया गया था। मौके पर विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या श्रीमती परमजीत कौर ने कहा कि निसंदेह रक्षाबंधन भाई बहनों के प्रेम और सुरक्षा की वचनबद्धता का पर्व है, लेकिन इसमें अंतर्निहित भावनाओं का फलक काफी विस्तृत है। आज की पीढ़ी अपने देश, संस्कार और संस्कृति को रक्षासूत्र बांधने का संकल्प ले, ताकि भारत के प्राचीन मूल्यों तथा एकता और अखंडता की सुरक्षा की जा सके।उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व विश्वास, नैतिकता और महिला सम्मान की भावना से जुड़ा है। श्रीमती कौर ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी।कार्यक्रम में काफी संख्या में बच्चे और शिक्षक- शिक्षिकाएं मौजूद थे।
