शादी का दबाव और कर्ज से परेशान सुदेश ने की खुदकुशी

Crime Ek Sandesh Live

पुरुलिया का रहने वाला था युवक

MUSTFA

​मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित केदल गांव (सरना स्थल के पास) में गुरुवार की देर रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला,बागमुंडी थाना क्षेत्र के साटीडीह गांव निवासी सुदेश महतो (26) वर्ष, पिता परिक्षित महतो के रूप में की गई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मेसरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और तत्पश्चात परिजनों को सौंप दिया। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार सुदेश महतो पूर्व से शादीशुदा था और बाल-बच्चेदार था। इसके बावजूद वह बूटी मोड़ स्थित दुबे होटल के पास एक स्थानीय होटल में काम करते हुए केदल गांव में एस्बेस्टस शीट वाले मकान में किराये का कमरा लेकर एक अन्य (बाल-बच्चेदार) महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सुदेश ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था ताकि कोई उसे बचाने न आ सकेऔर फिर एस्बेस्टस मकान के पाइप पर लगी पंखे की कुंडी के सहारे दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ​

मामले की जानकारी देते हुए वर्तमान थाना प्रभारी के प्रभार में तैनात पुअनि बसंत कुमार ने बताया कि पुलिस अनुसंधान के दौरान प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव, प्रेम-प्रसंग और आर्थिक तंगी से जुड़ा पाया गया है। थाना प्रभारी (प्रभार) बसंत कुमार के आधिकारिक बयान के अनुसार,साथ रह रही महिला द्वारा लगातार शादी का दबाव बनाए जाने और सिर पर बढ़ते भारी कर्ज के कारण युवक अत्यधिक मानसिक तनाव में था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यूडी केस के तहत हर संभावित पहलू से गहन जांच की जा रही है।

Spread the love