By अशोक अनन्त
चतरा : चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड में स्थित मां कौलेश्वरी धाम में 29 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक रोपवे निर्माण की कवायद तेज हो गई है, जिसका निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक शुरू होने की उम्मीद है। चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने हाल ही में रांची में पर्यटन सचिव मुकेश कुमार से मुलाकात कर योजना के त्वरित क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की। लगभग 1575 फीट की ऊंचाई पर स्थित और सनातन, बौद्ध तथा जैन धर्म के दुर्लभ संगम के रूप में प्रसिद्ध इस धाम पर 1200 मीटर लंबे रोपवे के बनने से बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए कठिन चढ़ाई बेहद सुगम हो जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे होटल, परिवहन और स्थानीय व्यवसायों के जरिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और चतरा को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।
