AMIT RANJAN
सिमडेगा: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत चल रहे दावा-आपत्ति एवं सुनवाई कार्यों का उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सलडेगा क्षेत्र स्थित राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय सलडेगा के बूथ संख्या 155, 156 एवं 157 तथा कोलेबिरा प्रखंड के बूथ संख्या 16 से संबंधित सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी ली।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से प्राप्त दावा-आपत्तियों तथा उनके निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं द्वारा किए गए दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन करते हुए उनका समयबद्ध तरीके से निष्पादन किया जाए। साथ ही दस्तावेजों की जांच के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं रखने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को एसआईआर कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने को कहा।
