मुंडा समाज हॉकी टूर्नामेंट में ओड़गा की टीम बनी विजेता

Ek Sandesh Live Sports

AMIT RANJAN

बांसजोर: बांसजोर प्रखंड स्थित बोंगेरा बाजार टोली मैदान में रविवार को आयोजित मुंडा समाज हॉकी टूर्नामेंट का धूमधाम एवं उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट को चार ग्रुप ए, बी, सी एवं डी में विभाजित कर मुकाबले कराए गए।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओड़गा की टीम ने ए, बी एवं डी ग्रुप में लगातार जीत दर्ज कर मुख्य विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं ओडिशा की नवागांव टीम उपविजेता रही। इधर, सी ग्रुप के फाइनल मुकाबले में ओलाईन और कोयोमुंडा की टीम आमने-सामने हुईं। रोमांचक मुकाबले में कोयोमुंडा की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर सी ग्रुप का खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पारंपरिक पुरस्कार के रूप में खस्सी प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में काफी उत्साह देखने को मिला। खेल प्रतियोगिता के साथ मैदान में रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का पारंपरिक स्वागत गीत प्रस्तुत कर भव्य अभिनंदन किया गया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान सेबेयान बारला एवं प्रकाश जोजो ने निर्णायक की भूमिका निभाते हुए खेल को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया।

मौके पर मुखिया प्रशन लुगुन, मुखिया मुकुट समद, विलियम तोपनो, फादर अनूप कुजूर, राजा सुरेश तोपनो, राजा क्लेमेंट तोपनो, राजा बेरनाट डांग, विश्राम कंडुलना, संदीप जोजो, असयान कंडुलना, एलानी लोमगा एवं लाता कंडुलना सहित बांसजोर ओपी के पुलिस पदाधिकारी, मुंडा समाज के गणमान्य लोग तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक उपस्थित थे।

Spread the love