रिपोर्ट-अशोक अनन्त
चतरा । जिले के सदर थाना परिसर से जुड़ा एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, जिसमें थाना पहुंचे एक फरियादी से आवेदन लिखने के एवज में चौकीदार कुंदन कुमार ने न्यूनतम 100 रुपये के खर्च की मांग की जा रही है। वीडियो के अनुसार, जब व्यक्ति ने पैसे देने से इनकार किया तो न सिर्फ उसका आवेदन लिखने से मना कर दिया गया, बल्कि पूरी घटना की रिकॉर्डिंग करने पर उसके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की गई। हालांकि यह मामला 29 सितंबर 2025 का यानी करीब एक साल पुराना बताया जा रहा है, लेकिन इसकी गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने तुरंत संज्ञान लेकर सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन को मामले की निष्पक्ष जांच का जिम्मा सौंपा है। प्राथमिक पड़ताल के आधार पर एसडीपीओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन चौकीदारों और एक दारोगा को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है, साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया है कि जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
