By Mustaffa
मेसरा/ओरमांझी (रांची): प्रसिद्ध रथ मेला देखने अपनी 3 साल की मासूम बेटी के साथ निकली एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला पिछले दो-तीन दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी मां-बेटी का कोई अता-पता न चलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार किसी अनहोनी की आशंका से सहमा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,लापता महिला की पहचान अनिता देवी (25 वर्ष),पति एतवा उरांव (ग्राम हरचंडा) के रूप में हुई है। अनिता की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह लंबे समय से अपने मायके गूंजा मंदरो में अपने दो बच्चों (एक पुत्र व पुत्री) के साथ रह रही थी। दो-तीन दिन पूर्व वह अपनी 3 वर्षीय बच्ची को साथ लेकर रथ मेला देखने की बात कहकर निकली थी,पर उसके बाद वापस घर नहीं लौटी। लापता महिला स्व. मंगरा उरांव की पुत्री है। घटना के बाद से उसकी मां शीला देवी और बहनें मनीषा व ललिता लगातार हर संभावित जगहों और रिश्तेदारों के यहां दोनों की तलाश में भटक रही हैं। हालांकि,परिजनों ने अभी तक मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी है। यदि किसी भी व्यक्ति को इस महिला या बच्ची के संबंध में कोई सुराग मिले,तो कृपया तुरंत परिजनों अथवा संबंधित थाना को सूचित करने की कृपा करें।
