गारू,लगातार बारिश से कुजरूम गांव का वर्षों पुराना तालाब टूटा, लाखों की मछलियां बहीं

360° Ek Sandesh Live

गारू :गारू प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुजरूम में लगातार हो रही बारिश के कारण कई वर्षों पुराना तालाब टूट गया। तालाब टूटने से स्थानीय ग्रामीणों को भारी नुकसान के साथ-साथ कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, तेज बारिश के कारण तालाब के नीचे की मिट्टी में बड़ा छेद हो गया, जिससे तालाब का पूरा पानी बहकर निकल गया।ग्रामीणों ने बताया कि तालाब में स्थानीय लोगों द्वारा लाखों रुपये की मछलियां पालकर रखी गई थीं। तालाब टूटने के बाद मछलियां भी पानी के साथ बह गईं, जिससे मत्स्य पालन करने वाले लोगों को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यह तालाब कई वर्षों पुराना था और भीषण गर्मी में भी कभी पूरी तरह नहीं सूखता था।इस तालाब का उपयोग ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के जंगलों में रहने वाले जंगली जानवर भी करते थे। हाथी समेत अन्य वन्यजीव यहां पानी पीने और नहाने के लिए पहुंचते थे। तालाब टूटने से गांव में पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई है।ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब की जल्द मरम्मत कराने तथा हुए नुकसान का आकलन कर उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, बारिश के कारण मंजित उरांव का घर भी गिरने की जानकारी ग्रामीणों ने दी है।

Spread the love