माधवापाड़ा पंचायत के जमालपुर, चांदपुर एवं मध्यटोला में हुआ क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम, सैकड़ों ग्रामीण व कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
SUNIL
साहिबगंज/बरहरवा: प्रखंड अंतर्गत माधवापाड़ा पंचायत में बुधवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
पूर्व मंत्री के क्षेत्र भ्रमण को लेकर ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। निर्धारित कार्यक्रम के तहत आलमगीर आलम ने सबसे पहले जमालपुर स्थित पंचायत भवन के समीप ग्रामीणों से मुलाकात की। इसके बाद चांदपुर में अलाउद्दीन के घर के समीप पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद किया। वहीं चांदपुर मध्यटोला में ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं क्षेत्र की जरूरतों की जानकारी ली।
इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, आवास, पेंशन, नाली निर्माण सहित विभिन्न जनसमस्याओं को पूर्व मंत्री के समक्ष रखा। आलमगीर आलम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक पहल कर समाधान का प्रयास करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के साथ उनका पुराना और आत्मीय संबंध रहा है तथा वे लोगों के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
ग्रामीणों को एसआईआर नोटिस के संबंध में दी जानकारी
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को एसआईआर नोटिस के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि आवश्यक प्रक्रिया के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं, दस्तावेज किस प्रकार तैयार करने हैं तथा उन्हें किस तरह प्रस्तुत करना है। इस दौरान ग्रामीणों की शंकाओं एवं सवालों को सुना गया और उन्हें आवश्यक जानकारी देकर समाधान का मार्ग बताया गया।
आलमगीर आलम ने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना कांग्रेस की जनसेवा की परंपरा का हिस्सा है। क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर वे लगातार प्रयास करते रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत टुडू, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, मोफ्फकर हुसैन, जमीरुल इस्लाम, जब्बार शेख, अब्दुल कादिर, दिलदार आलम, शकील अहमद, अलाउद्दीन शेख, नेहाल अख्तर, आलम शेख, नुरूल शेख, अजमल हुसैन, कमरूल शेख, शारिक रब्बानी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, पंचायत एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
