मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में रोशनी ला सकता है नेत्रदान : सिविल सर्जन

360° Ek Sandesh Live


रिपोर्ट /अशोक अनन्त
रांची। लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए संकल्प लेने के उद्देश्य से बुधवार को चतरा में जागरूकता अभियान की शुरूआत की गई। सिविल सर्जन कार्यालय परिसर से अभियान की शुरूआत हुई। सिविल सर्जन डॉ सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान के तहत जागरूकता वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को नेत्रदान के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों को मृत्यु के बाद नेत्रदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि नेत्रदान के जरिए व्यक्ति अपनी मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी ला सकता है। सिविल सर्जन डॉ सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि नेत्रदान मानवता की सेवा का महान कार्य है। किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके नेत्र किसी दृष्टिहीन जरूरतमंद के जीवन में रोशनी ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि नेत्रदान को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां और जागरूकता की कमी देखने को मिलती है। इसे दूर करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता जरूरी है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग नेत्रदान के लिए आगे आएं और इसके लिए संकल्प लें। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का नेत्रदान किसी दूसरे व्यक्ति के जीवन में उजाला ला सकता है। इसलिए लोगों को इस पुनीत कार्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की जरूरत है।स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से लोगों को नेत्रदान की प्रक्रिया, इसके महत्व और समाज पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव की जानकारी दी जाएगी। जागरूकता वाहन विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करेगा। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक नेत्रदान का संदेश पहुंचे और लोग मृत्यु के बाद नेत्रदान का संकल्प लें। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी नेत्रदान के प्रति लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही समाज में नेत्रदान को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।

Spread the love