रेल मंत्री और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने मुंबई के सीएसएमटी से सावंतवाड़ी रोड तक नई ट्रेन सेवा को किया रवाना

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य गणमान्य हस्तियों ने गुरुवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और सावंतवाड़ी रोड के बीच नई ट्रेन की पहली सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मुंबई और कोंकण क्षेत्र के बीच सीधी रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नई रेल सेवा मुंबई और कोंकण क्षेत्र के कई प्रमुख शहरों के बीच लगभग 510 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए एक महत्वपूर्ण सीधी रेल संपर्क प्रदान करेगी। व्यापक स्टॉपेज नेटवर्क के साथ, यह सेवा रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए लाभदायक होगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह नई रेल सेवा मुंबई और कोंकण के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुगमता के लिए इस वर्ष 350 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर 370 करने की भी व्यवस्था की गई है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और सावंतवाड़ी के बीच नई दैनिक ट्रेन सेवा की शुरुआत से महाराष्ट्र के लोगों को, खासकर, आगामी गणेश उत्सव के दौरान अपार खुशी मिली है। गोयल ने कहा कि यह नई सेवा केवल एक और ट्रेन की शुरुआत नहीं है, बल्कि कोंकण क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गोयल ने कहा कि यह नई सेवा मुंबई और कोंकण के बीच सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय यात्रा प्रदान करके लाखों परिवारों को जोड़ने में सहायक होगी। गोयल ने यह भी कहा कि इस मार्ग पर माल ढुलाई बढ़ने से मछुआरे और अन्य स्थानीय उत्पादक अपना माल मुंबई तक पहले से अधिक तेजी से पहुंचा सकेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बेहतर संपर्क से कोंकण में रोजगार के अवसर पैदा होंगे और युवाओं को काम की तलाश में पलायन करने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने इससे छात्रों, कर्मचारियों और परिवारों को होने वाले लाभों की ओर भी इशारा किया। गोयल ने कहा कि कोंकण के जो लोग मुंबई में पढ़ाई या काम करते हैं, वे अपने परिवारों से बेहतर संपर्क बनाए रख सकेंगे और यात्रा करना उनके लिए अधिक सुविधाजनक होगा। उन्होंने आगे कहा कि बेहतर रेल संपर्क के माध्यम से कोंकण के लोगों के लिए मुंबई में उच्च शिक्षा के अवसर और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ हो जाएंगी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि यह नई सेवा कोंकण के लोगों, प्रवासी श्रमिकों और गणेश उत्सव के दौरान अपने पैतृक स्थानों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा उपहार है। शिंदे ने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना, वंदे भारत ट्रेनों और देश भर में रेलवे नेटवर्क के विस्तार सहित रेलवे की कई प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से 741 किलोमीटर लंबे कोंकण रेलवे मार्ग के रिकॉर्ड समय में विद्युतीकरण के पूरा होने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से पर्यावरण के अनुकूल यात्रा संभव हुई है और ट्रेनों की गति में वृद्धि हुई है।

यह ट्रेन सीएसएमटी से रात 11:55 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 2:15 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी। वापसी यात्रा में, ट्रेन सावंतवाड़ी रोड से शाम 5:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 6:40 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। सुविधाजनक समय के कारण यात्री मुंबई से कोंकण की ओर रात भर की यात्रा कर सकेंगे और सुबह जल्दी मुंबई लौट सकेंगे। यह ट्रेन प्रतिदिन ट्रेन संख्या 15087 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 15088 सावंतवाड़ी रोड-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी।

Spread the love