पंचायत भवन निर्माण कार्य का विधायक निसात आलम ने किया उद्घाटन

Ek Sandesh Live

SUNIL KUMAR

साहिबगंज/बरहरवा: जिला परिषद की योजनान्तर्गत बरहरवा प्रखंड के मधुवापाड़ा पंचायत में पंचायत भवन निर्माण कार्य का उद्घाटन शुक्रवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने विधिवत रूप से किया। उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद विधायक निसात आलम ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने सड़क, आवास, प्रमाण पत्र सहित अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक पहल करने और समाधान का भरोसा दिलाया।

एसआईआर प्रक्रिया को लेकर दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) से संबंधित नोटिस और दस्तावेजों को लेकर भी अपनी शंकाएं विधायक के समक्ष रखीं। इस पर विधायक निसात आलम ने ग्रामीणों को एसआईआर प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेजों को किस प्रकार तैयार करना है और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उन्हें कैसे प्रस्तुत किया जाना है।

विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न पड़ें तथा एसआईआर से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों को सही तरीके से तैयार रखें। उन्होंने ग्रामीणों की विभिन्न शंकाओं और सवालों का जवाब देते हुए उन्हें उचित जानकारी दी। पंचायत भवन निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने पंचायत भवन निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताते हुए विधायक के प्रति आभार जताया।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सनी कुमार दास, जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर, हेमा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, पंचायत एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Spread the love