पंचघाघ जलप्रपात का बदलेगा स्वरूप,7.5 करोड़ से हो रहा कायाकल्प

360°

Eksandeshlive Desk

खूंटी: झारखंड के सबसे प्रमुख और खूबसूरत पर्यटन स्थलों में शुमार और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर पंचघाघ जलप्रपात जल्द ही एक नए और आकर्षक कलेवर में नजर आएगा। राज्य पर्यटन विभाग की ओर से लगभग 7.5 करोड़ रुपये की लागत से इसके सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। यदि निर्माण कार्य तय योजना के अनुसार पूरा हुआ, तो आने वाले नववर्ष पर पर्यटकों को पंचघाघ का एक नया और सुव्यवस्थित रूप देखने को मिलेगा।

पंचघाघ पर्यटन स्थल के विकास कार्य के तहत यहां फुटब्रिज, सीढ़ियों और पैदल रास्तों (फुटपाथ) को नया लुक दिया जा रहा है। इन स्थानों पर आकर्षक डिजाइनदार टाइल्स और गुलाबी रंग की सीटें लगाई जा रही हैं। परिसर में लगे पुराने होर्डिंग बोर्ड्स को आधुनिक और आकर्षक बनाया जा रहा है। साथ ही, वर्षों पुराने कियोस्क को अपग्रेड कर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। सैलानियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए नए भवनों और आधुनिक शौचालयों का निर्माण कार्य जारी है।बरसात के मौसम के बाद अब पंचघाघ नदी का जलस्तर धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है और मटमैला पानी साफ होने लगा है। हरी-भरी वादियों, विशाल चट्टानों और नदी की पांच धाराओं के बीच बसा यह पर्यटन स्थल अपनी प्राकृतिक छटा फिर से बिखेरने लगा है। नए साल के आगमन के साथ ही पंचघाघ पर्यटकों को प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ पहले से कहीं अधिक बेहतर और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार हो रहा है। एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि नववर्ष के पहले पंचघाघ नए कलेवर में नजर आएगा।

Spread the love