हंटरगंज बाजार में बिजली विभाग का डोर-टू-डोर अभियान, बकाया बिल जमा करने की अपील

360° Ek Sandesh Live

आधे बाजार के दो दर्जन उपभोक्ताओं पर करीब 10 लाख रुपये बकाया,एक सप्ताह में भुगतान की चेतावनी

अशोक अनन्त
हंटरगंज (चतरा): बिजली बिल के बढ़ते बकाये को लेकर बिजली विभाग ने हंटरगंज बाजार में शनिवार को विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया। जिला बिजली विभाग के एसडीओ सत्यदेव कुमार के निर्देश पर विभागीय सुपरवाइजर पिंटू सिंह के नेतृत्व में ऊर्जा मित्रों की टीम ने बाजार के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर उपभोक्ताओं के बिजली मीटर की रीडिंग की जानकारी ली और बकाया बिजली बिल का शीघ्र भुगतान करने की अपील की। विभाग ने स्पष्ट किया कि समय पर बिजली बिल का भुगतान होने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।
अभियान के दौरान ऊर्जा मित्रों ने बिजली उपभोक्ताओं को उनके मीटर रीडिंग के आधार पर तैयार बिल की जानकारी दी तथा बकाया राशि का भुगतान जल्द से जल्द करने को कहा। विभागीय कर्मियों ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि एक सप्ताह के भीतर बकाया बिजली बिल जमा कर दें, अन्यथा विभागीय कार्रवाई के कारण उन्हें बिजली आपूर्ति से संबंधित परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
ऊर्जा मित्रों के अनुसार, हंटरगंज बाजार के अभी करीब आधे हिस्से में ही अभियान चलाया गया है। इतने कम क्षेत्र में ही लगभग दो दर्जन बिजली उपभोक्ताओं के पास करीब 10 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया पाया गया है। बाजार के शेष हिस्से में अभियान चलाए जाने के बाद बकाया राशि का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं, बिजली विभाग के अभियान को लेकर स्थानीय उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिली। कई उपभोक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति नियमित और निर्बाध नहीं रहती है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें 24 घंटे सुचारू रूप से बिजली उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक बिजली बिल के भुगतान में कठिनाई बनी रहेगी। उपभोक्ताओं ने विभाग से पहले विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
उपभोक्ताओं का कहना है कि वे बिजली बिल का भुगतान करने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके साथ उन्हें गुणवत्तापूर्ण और नियमित बिजली आपूर्ति भी मिलनी चाहिए। बाजारवासियों ने विभाग से बिजली कटौती की समस्या दूर करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
इधर, बिजली विभाग का कहना है कि बकाया राशि की वसूली के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। ऊर्जा मित्रों की टीम बाजार के शेष हिस्सों में भी घर-घर और प्रतिष्ठानों तक पहुंचकर बकाया बिजली बिल की जानकारी देगी तथा उपभोक्ताओं को समय पर भुगतान के लिए प्रेरित करेगी।
अभियान में सुपरवाइजर पिंटू सिंह के अलावा ऊर्जा मित्र मनोज कुमार, सुरेंद्र यादव, राकेश यादव, रविंद्र यादव, कुंदन सिंह, सुमित कुमार, अरुण दास, राजेश भास्कर, मन्नू कुमार, रंजीत यादव एवं उपेंद्र यादव मुख्य रूप से शामिल रहे।

Spread the love