दो किलोमीटर सड़क के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, बदहाल रास्ते ने बढ़ाई परेशानी

360° Ek Sandesh Live

रिपोर्ट/अशोक अनन्त
चतरा। जिले के ब्रह्मणा पंचायत के गेरी गांव से घुरनाडीह तक करीब दो किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग अब ग्रामीणों के लिए मजबूरी बन गई है। वर्षों से बदहाल और जर्जर पड़ी इस सड़क को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को आवेदन भेजकर जल्द पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीण सुरेश यादव, गणेश यादव, सुरेश यादव, भिखारी यादव का कहना है कि गेरी से घुरनाडीह तक जाने वाला मुख्य रास्ता आज भी कच्चा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने के कारण बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। ग्रामीणों को पैदल चलने में भी काफी परेशानी होती है। सबसे गंभीर स्थिति मरीजों और गर्भवती महिलाओं के सामने उत्पन्न होती है। ग्रामीणों के अनुसार, अचानक किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर वाहन या एंबुलेंस गांव तक पहुंचने में परेशानी होती है। कई बार मरीजों को डोली-खटोली के सहारे खराब रास्ते से बाहर लाना पड़ता है, जिसके कारण समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण किसी गंभीर मरीज की जान भी खतरे में पड़ सकती है। इसके अलावा स्कूली बच्चों, मजदूरों और आम ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से सड़क का निरीक्षण कराकर जल्द निर्माण कराने की मांग की है।

Spread the love