झारखंड के आठ जिलों में 23 सितंबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट

360°

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के आठ जिलों में 23 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर शनिवार को येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, जिन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां तथा मध्यवर्ती क्षेत्र के रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद शामिल हैं। इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने 24 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 25 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 63.2 मिलीमीटर बारिश सिमडेगा जिले के बोलबा में रिकॉर्ड की गई। इस दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में राज्य का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा। हालांकि, दोपहर बाद मौसम में बदलाव आया और आसमान में बादल छा गए। इससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली। रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और न्यूनतम 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 25.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.6 और न्यूनतम 25.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 और न्यूनतम 23.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 35 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Spread the love