गोलमाल 5′ की रिलीज का ऐलान, बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रेंजर’ की रिलीज टली

Entertainment

Eksandeshlive Desk

मुंबई : अजय देवगन के प्रशंसकों के लिए एक तरफ मायूसी तो दूसरी तरफ बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रेंजर’ की रिलीज फिलहाल टाल दी गई है। वहीं, रोहित शेट्टी की लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ की पांचवीं किस्त ‘गोलमाल 5’ की रिलीज तारीख तय हो गई है। अजय देवगन एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों को हंसाते नजर आएंगे।

मार्च 2027 में ईद के बाद रिलीज होगी ‘रेंजर’: रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले जगन शक्ति के निर्देशन में बनी ‘रेंजर’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। अब इसकी रिलीज मार्च 2027 में ईद के बाद होने की खबर है। लव रंजन द्वारा निर्मित इस जंगल-एडवेंचर फिल्म में अजय देवगन एक फॉरेस्ट ऑफिसर की भूमिका में नजर आएंगे, जो शेरों की रक्षा करते दिखाई देंगे। फिल्म में संजय दत्त और तमन्ना भाटिया भी अहम भूमिकाओं में हैं।

8 जनवरी 2027 को आएगी ‘गोलमाल 5’: वहीं, रोहित शेट्टी के निर्देशन में बन रही ‘गोलमाल 5’ की रिलीज तारीख तय कर दी गई है। फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस बार अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार भी ‘गोलमाल’ गैंग का हिस्सा होंगे। फिल्म में अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े, कुणाल खेमू, तुषार कपूर और शरमन जोशी भी नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग 2026 में शुरू होने की जानकारी सामने आई है।

एक दशक बाद लौट रही है ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी: ‘गोलमाल 5’ करीब एक दशक बाद इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की वापसी होगी। इससे पहले 2017 में ‘गोलमाल अगेन’ रिलीज हुई थी। फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2006 में ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ से हुई थी। इसके बाद 2008 में ‘गोलमाल रिटर्न्स’ और 2010 में ‘गोलमाल 3’ रिलीज हुई। अब रोहित शेट्टी पांचवीं किस्त के साथ एक बार फिर अपनी कॉमेडी टीम को बड़े पर्दे पर लेकर आ रहे हैं।

Spread the love