एशियन गेम्स : महिलाओं की निशानेबाजी में इलावेनिल ने 10 मीटर एयर राइफल में जीता रजत

Sports

Eksandeshlive Desk

नागोया (जापान): भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन ने रविवार को एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल में इलावेनिल ने 252.4 अंक हासिल किए और लंबे समय तक स्वर्ण पदक की दौड़ में सबसे आगे बनी रहीं। हालांकि, अंतिम चरण में मेजबान जापान की हिनाता ताइची ने वापसी करते हुए 253 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। हिनाता ताइची ने 253 अंकों के साथ नया गेम्स रिकॉर्ड भी कायम किया। इलावेनिल और हिनाता के बीच स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दोनों के स्कोर में सिर्फ 0.6 अंक का अंतर रहा। दक्षिण कोरिया की ह्यो-जिन बान ने 230.4 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता।

भारत का दूसरा पदक : फाइनल मुकाबले में इलावेनिल वलारिवन ने शुरुआत से ही शानदार निशानेबाजी की। उन्होंने लगातार सटीक शॉट लगाते हुए शुरुआती दौर में बढ़त बनाई और काफी समय तक शीर्ष स्थान पर बनी रहीं। उनके प्रदर्शन को देखकर स्वर्ण पदक की उम्मीद मजबूत हो गई थी। मुकाबला जैसे-जैसे अंतिम चरण में पहुंचा, दबाव बढ़ता गया। इलावेनिल ने अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी, लेकिन आखिरी पलों में जापान की हिनाता ताइची ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बढ़त हासिल कर ली। ताइची ने 253 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि इलावेनिल 252.4 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। सोनम मस्कर छठे स्थान पर रहींभारत की सोनम मस्कर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में निराश किया। उन्होंने फाइनल में 167.0 अंक हासिल किए और छठे स्थान पर रहीं। क्वालीफिकेशन में तीसरे स्थान पर रहने के बाद सोनम से भी पदक की उम्मीद थी, लेकिन फाइनल में वह शीर्ष तीन में जगह नहीं बना सकीं। यह भारत का एशियन गेम्स 2026 में दूसरा पदक है। वहीं, इलावेनिल का भी इस एशियन गेम्स 2026 में दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने आज ही महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीता था। उस स्पर्धा में इलावेनिल ने सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद के साथ मिलकर भारत को पदक दिलाया। इस तरह निशानेबाजी एक बार फिर भारत के पदक अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती नजर आ रही है।

भारत ने 10 मीटर एयर राइफल महिला टीम स्पर्धा में जीता रजत, पहला पदक हुआ पक्का: इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा के. विनोद की भारतीय तिकड़ी ने रविवार को 2026 एशियाई खेलों में भारत को पहला पदक दिलाया। भारतीय टीम ने 10 मीटर एयर राइफल महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। आइची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में भारतीय तिकड़ी ने छह-छह सीरीज के बाद कुल 1898.0 अंक हासिल किए। चीन की जिफेई वांग, जियायु हान और युचेन दू की टीम ने 1904.2 अंकों के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। जापान की हिनाता ताइची, मिसाकी नोबाता और शिओरी हिराता की टीम ने 1897.1 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया। इलावेनिल वलारिवन और सोनम मस्कर ने महिला 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बनाई है, जो रविवार को ही बाद में खेला जाएगा। क्वालीफिकेशन में सोनम 634.1 अंकों के साथ तीसरे और इलावेनिल 633.5 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहीं। चीन की जिफेई वांग ने 636.8 अंकों के साथ क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया। इस पदक के साथ भारत ने इस स्पर्धा में लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों में रजत पदक जीता है। भारत ने 2023 में हांगझोउ एशियाई खेलों में भी इस स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया था।

सुचिका तारियाल ने पदक पक्का किया, एमएमए के सेमीफाइनल में पहुंचीं: भारत की सुचिका तारियाल ने रविवार को 2026 एशियाई खेलों में महिला पारंपरिक 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर अपना पदक पक्का कर लिया। उन्होंने मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराया। 36 वर्षीय सुचिका की इस जीत के साथ कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया है। अब वह फाइनल में जगह बनाने के लिए सिंगापुर की हुई हून तेओ या ईरान की अरेज़ू सलीमिगालेहताकी में से किसी एक का सामना करेंगी। मिश्रित मार्शल आर्ट्स इस बार एशियाई खेलों में पदार्पण करने वाली छह खेल विधाओं में शामिल है। इसके अलावा फ्रीस्टाइल बीएमएक्स, टैकबॉल, पैडल, सर्फिंग और वर्चुअल ताइक्वांडो भी पहली बार एशियाई खेलों का हिस्सा हैं।

Spread the love