Eksandeshlive Desk
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि आकाश आनंद और उनकी बहन को पार्टी में किसी भी हालत में वापस नहीं लिया जाएगा। यदि भाई आनंद के परिवार से किसी को अगर पार्टी में शामिल करना होगा तो ईशान आनंद को सम्मानजनक ज़िम्मेदारी देकर इनको आगे किया जायेगा। अगर ईशान ने पार्टी विरोधी कोई भी गंभीर कृत्य किया तो फिर इनको भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जायेगा। बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर एक विस्तृत बयान जारी कर पार्टी संगठन और उत्तराधिकार को लेकर कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है।
मायावती ने लिखा, मैं अपने अनुभव से पार्टी के लोगों से यह कह रही हूं कि यदि राजनीति में कामयाब होना है और समाज के लिए कुछ करना है तो उन्हें मेरी तरह अपने परिवार के मोह से ऊपर उठकर पूरी ईमानदारी व निष्ठा से पार्टी के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने पार्टी के संस्थापक कांशीराम की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि उनके राजनीति में आने के बाद उन्होंने अपने सभी नज़दीकी रिश्ते-नातों आदि को राजनीतिक लाभ देने से हमेशा दूर रखा है। उन्हें केवल निःस्वार्थ भावना से पार्टी संगठन में कार्य करने की ही इजाज़त दी। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी, अपना ख़ुद का परिवार ना बनाकर, ’बहुजन समाज’ के हित व कल्याण के लिए ही समर्पित की। उनसे प्रेरित होकर फिर मैंने भी उन्हीं के ही पदचिन्हों पर चलने का फैसला लिया और अपनी पूरी ज़िन्दगी ’बहुजन समाज’ के लिए समर्पित कर दी है। लेकिन मैं एक लड़की होने की वजह से फिर मजबूरी में मुझे अपने किसी ना किसी भाई-बहन आदि को हमेशा अपने साथ रखना पड़ा। मेरा छोटा भाई आनंद कुमार यह पिछले काफी वर्षों से मेरी सेवा में कार्यरत है। आनंद के कहने पर मैने उनके बड़े बेटे आकाश आनन्द को राजनीति में आगे किया। शादी के बाद आकाश का रवैया व गतिविधियां आदि ऐसी रहीं, जिसकी वजह से अभी कुछ दिन पहले फिर से उनको पार्टी से अलग भी करना पड़ा है। वह अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के जंजाल में फंस चुके हैं, जिसे अब पार्टी में वापस लेना यह पार्टी के लिए बहुत बड़ा विश्वासघात ही होगा, जो मैं यह पार्टी विरोधी ग़लत कार्य कदापि नहीं कर सकती हूं।
मायावती ने कहा कि मेरे लिए यह दुविधा बनी हुई है कि आनंद के परिवार से किसको पाटी में आगे करूं। इस पर विराम देते हुए अब मैंने हर पहलू पर काफी गंभीरता से सोच-विचार करने के बाद यह फैसला लिया है कि इनके परिवार में से ऐसे किसी सदस्य को अब पार्टी में आगे किया जाये, जो आकाश के नक्शेकदम पर बिल्कुल भी ना चले। आनंद की बेटी है और शादी के बाद उसका मामला भी यदि आकाश आनंद की तरह ही निकल गया तो यह भी पार्टी हित में सही नहीं होगा। पार्टी हित को ध्यान में रखते हुए आकाश आनंद और उनकी बहन पार्टी की कोई भी ज़िम्मेवारी नहीं दी जाएगी। इन दोनों के स्थान पर ईशान आनंद को ही, पार्टी में सम्मानजनक ज़िम्मेवारी देकर इनको आगे किया जायेगा। अगर इन्होंने पार्टी विरोधी ऐसा कोई भी गंभीर कृत्य किया तो फिर इनको भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जायेगा।
