पश्चिम बंगाल में मंत्रिमंडल विस्तार, 35 मंत्रियों ने शपथ ली

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के मंत्रिमंडल का सोमवार को पहला बड़ा विस्तार हुआ। लोक भवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर.एन. रवि ने 35 नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल विस्तार में 13 नेताओं को कैबिनेट मंत्री, तीन नेताओं को स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री तथा 19 नेताओं को राज्य मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई है। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रीय गान के साथ हुई थी।

13 नेताओं को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है : दीपक बर्मन, तापस राय, डॉ. शंकर घोष, मनोज कुमार उरांव, अर्जुन सिंह, गौरी शंकर घोष, स्वपन दासगुप्ता, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, कल्याण चक्रवर्ती, अजय पोद्दार, शारद्वत मुखर्जी, दुध कुमार मंडल, अनुप कुमार दास। स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों में डॉ. इंद्रनील खान, मालती रावा राय, राजेश महतो शामिल हैं। समारोह में 19 विधायकों ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। ये हैं- जुएल मुर्मू, हरे कृष्ण बेरा, आनंदमय बर्मन, अशोक डिंडा, नदियार चांद बाउड़ी, विशाल लामा, शांतनु प्रमाणिक, मौमिता विश्वास मिश्रा, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, कौशिक चौधरी, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, अमिया किस्कू, कलिता माझी, गर्गी दास घोष, विराज विश्वास, दीपंकर जाना, सुमना सरकार। शपथ ग्रहण समारोह में अधिकांश नेता पारंपरिक बंगाली परिधान धोती और कुर्ता में पहुंचे। कई नवनियुक्त मंत्री अपने परिवार के सदस्यों के साथ समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अलावा केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और मंत्री अग्निमित्रा पाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। मंत्रिमंडल विस्तार में संगठनात्मक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया गया है। उत्तर बंगाल के विधायकों को अधिक जगह मिली है। सूत्रों के मुताबिक, विभागों का अंतिम आवंटन जल्द किया जाएगा। शपथ ग्रहण के बाद सभी मंत्री नवान्न पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इससे पहले 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ पांच मंत्रियों अग्निमित्र पॉल, दिलीप घोष, खुदीराम टुडू, निशिथ प्रमाणिक और अशोक कीर्तनीय ने भी शपथ ग्रहण की थी।

Spread the love