तमाड़ में खेलो झारखंड 2026 का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

Education Ek Sandesh Live Sports

HEMANT

    तमाड़: पीएम श्री प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, तमाड़ के खेल मैदान में प्रखंड स्तरीय ‘खेलो झारखंड 2026’ प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में जिला परिषद सदस्य दिलीप सेठ मुख्य अतिथि और सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रखंड संसाधन केंद्र के पदाधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

    मुख्य अतिथि दिलीप सेठ ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि तमाड़ के सरकारी विद्यालयों के बच्चों में प्रतिभा, ऊर्जा और खेल के प्रति जुनून की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के जीवन में अनुशासन लाता है और अनुशासन से ही बेहतर भविष्य का निर्माण होता है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। आज प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चे आने वाले समय में झारखंड का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

    सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार महतो ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “आप सभी तमाड़ के शेर हैं। पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ खेलें और साबित करें कि तमाड़ किसी से कम नहीं है।” वहीं, बीपीओ मो. मुमताज आलम ने कहा कि खेल बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण पाठशाला है। पढ़ाई के साथ खेल से जुड़ने वाले बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। हार से सीखकर आगे बढ़ने की क्षमता भी खेल ही सिखाता है।

    कई खेलों में हुआ मुकाबला

    प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, जैवलीन थ्रो, गोला फेंक, डिस्कस थ्रो, कबड्डी, वॉलीबॉल और खो-खो सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स में 100, 200, 400, 600, 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़ के साथ 100×4 और 400×4 रिले दौड़ भी आयोजित की गई।

    अंडर-17 में इन स्कूलों ने मारी बाजी

    अंडर-17 के बालक वर्ग में वॉलीबॉल और कबड्डी में +2 उच्च विद्यालय, तमाड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में उच्च विद्यालय, नावाडीह ने वॉलीबॉल और कबड्डी में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में अमृत खेरवार, सुनील कुमार गोराई, धनेश्वर प्रमाणिक, एनूल हक, अशोक कुमार, वासुदेव प्रियदर्शी, मेरी केरकेट्टा, उषा कुमारी, नरेश चंद्र महतो, विकास चक्रवर्ती, भवानी कुमारी, अक्षय कुमार, उमापद हजाम, बेला बाल मुचु, वशिष्ट सेठ, वासुदेव महतो, अनंत कुमार, अर्जुन महतो, पिनाकी महतो, अजीत दास, मो. मुमताज, बिलकन हंस, अनिमेष हर्षित, सुभाष चंद्र महतो और सविता दास सहित शिक्षकों एवं कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

    Spread the love