MUSTFA
मेसरा (रांची): बीआईटी मोड़ केदल स्थित मनरखन महतो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रांगण में पारंपरिक सांस्कृतिक पर्व करम बड़े ही हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के अध्यक्ष मनरखन महतो ने द्वीप प्रज्वलित कर की। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए,जिनमें लोकनृत्य और करम गीत मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। उत्सव के दौरान आयोजित जावा प्रतियोगिता’ में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रियंका एवं ग्रुप ने प्रथम, अनामिका एवं ग्रुप ने द्वितीय तथा रंजना एवं ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा करम केवल एक त्योहार नहीं है,बल्कि हमारी समृद्ध जनजातीय विरासत,भाई-बहन के पवित्र प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देता है। वहीं,संस्थान के निदेशक मुकेश कुमार महतो ने कहा,प्रकृति की पूजा ही जीवन का मूल आधार है। हमारे विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रस्तुति से यह सिद्ध कर दिया है कि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अपनी जड़ों और संस्कृति के भी सच्चे संवाहक हैं। बीएड कॉलेज के प्राचार्य डॉ दूधेश्वर महतो ने कहा, ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी लोक-संस्कृति से जोड़ते हैं और उनमें नैतिक व सामाजिक मूल्यों का सिंचन करते हैं। इस भव्य आयोजन में संस्थान के ट्रस्टी वीरेंद्रनाथ ओहदार, खुशबू सिंह, कृति काजल, प्रबंधक मुकेश कुमार, प्रशासिका मीना कुमारी, पूनम कुमारी, नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य चित्रवेल वी, फार्मेसी कॉलेज की प्राचार्या श्रुति सुमन, पैरामेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डीके शर्मा सहित सभी शिक्षक,कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
