महिलाओं की भागीदारी से ही मजबूत होगा समाज: भूषण बाड़ा

360° Ek Sandesh Live Political

बुधराटोली में आयोजित मध्य डायोसिस वार्षिक महिला सम्मेलन में उमड़ी महिलाओं की भीड़

AMIT RANJAN

सिमडेगा: जीईएल चर्च बुधराटोली माता मंडली में बुधवार को मध्य डायोसिस वार्षिक महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मध्य डायोसिस क्षेत्र के विभिन्न मंडलियों से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और धार्मिक गीतों के साथ हुई। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में बिशप मुरेल बिलुंग, सचिव शशि रीता कंडुलना उपस्थित थे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सिमडेगा विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा, कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी और जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा मौजूद रहीं। सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज को भी नई दिशा देने की क्षमता रखती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। महिला मंडलियां धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ जरूरतमंदों की सेवा और सामाजिक जागरूकता का काम भी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। विधायक ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और उनकी उपलब्धियां दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से एकजुट होकर समाज में प्रेम, भाईचारा और सेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिवार में संस्कार और बच्चों के भविष्य निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम है। महिलाएं अपने परिवार को संभालने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला मंडलियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और सामाजिक सहयोग को और मजबूत किया जा सकता है। विधायक ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा होना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने महिला सम्मेलन को महिलाओं को एक मंच पर जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

महिलाओं की सहभागिता से ही मजबूत होता है परिवार और समाज: बिक्सल कोंगाड़ी
कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि महिलाओं की सहभागिता से ही परिवार और समाज मजबूत होता है। महिला मंडलियां समाज में सेवा, जागरूकता और एकता का संदेश पहुंचाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ बच्चों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग से समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने सम्मेलन में शामिल सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।

ईश्वर ने मानव जीवन को प्रेम, सेवा और आपसी सहयोग का दिया है संदेश: बिशप मुरेल बिलुंग
मुख्य अतिथि बिशप मुरेल बिलुंग ने कहा कि ईश्वर ने मानव जीवन को प्रेम, सेवा और आपसी सहयोग का संदेश दिया है। उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिवार में प्रेम और विश्वास का वातावरण बनाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने महिला मंडलियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और आगे भी सेवा कार्य जारी रखने की बात कही। सम्मेलन में महिला मंडलियों द्वारा धार्मिक गीत और अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान महिलाओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया। सम्मेलन में कोलेबिरा विधायक प्रतिनिधि रावेल लकड़ा, कोलेबिरा विधायक की धर्मपत्नी विनीता कोंगाड़ी, पेरिस चेयरमैन एवं ऑल चार्सेस कमेटी के जिला अध्यक्ष रेभ. जेम्स जोजो, जातोम केरकेट्टा, उर्मिला केरकेट्टा सहित चर्च के पदाधिकारी, महिला मंडली की सदस्य, युवा वर्ग सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में निर्देशिका रेभा ज्योति तबीता बिलुंग, सभापति समा टेटे, उपसभापति शोभा तिर्की, सचिव संध्या टेटे, महासचिव रोशनी बा:, कोषाध्यक्ष नीलमणी भेंगरा आदि का योगदान रहा।

समाज की मजबूत आधार हैं महिलाएँ: जोसिमा खाखा
जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि महिलाएं समाज की मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि महिला मंडलियों के माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएं साझा करने और एक-दूसरे का सहयोग करने का अवसर मिलता है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और एकता कायम रखने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

Spread the love