चार दिन की बारिश के बाद रांची में मौसम साफ, 28 सितंबर से हल्की बारिश के आसार

360°

Eksandeshlive Desk

रांची: राजधानी रांची सहित झारखंड के विभिन्न हिस्सों में पिछले चार दिनों से जारी बारिश के बाद रविवार को मौसम साफ हुआ। सुबह धूप निकलने से लोगों को बारिश से राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने 28 सितंबर से राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान किसी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक जून से 27 सितंबर तक रांची जिले में 1,211.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची शहर में इस अवधि में 1,428.5 मिलीमीटर बारिश हुई। पूरे राज्य में इस अवधि के दौरान सामान्य 1,007.8 मिलीमीटर के मुकाबले 1,001.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य वर्षापात से करीब एक प्रतिशत कम है।

पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 45 मिलीमीटर बारिश धनबाद जिले के पुटकी में दर्ज की गई। इस दौरान सरायकेला में राज्य का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम 29.6 और न्यूनतम 23.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 30.8 और न्यूनतम 22.6 डिग्री तथा बोकारो में अधिकतम 29.1 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में राज्य में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

Spread the love