नाई समाज की बेटियों पर अभद्र टिप्पणी, राष्ट्रीय नाई महासभा की बैठक आंदोलन की चेतावनी
Eksandeshlive Desk
चंदवा (लातेहार): नाई समाज एवं सैलून संचालकों को लेकर गाए गए कथित तौर पर अभद्र एवं आपत्तिजनक गाने को लेकर पूरे झारखंड-बिहार के नाई समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को चंदवा के इंदिरा गांधी चौक के समीप आईबी परिसर में राष्ट्रीय नाई महासभा के बैनर तले एक आकस्मिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता नाई महासभा के चंदवा प्रखंड अध्यक्ष अरुण ठाकुर ने की। बैठक में बड़ी संख्या में जुटे समाज के लोगों ने कथित आपत्तिजनक गीत को लेकर गहरी नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन और बिहार सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बिहार के गायक पर अभद्र गीत गाने का आरोप
बिहार के भोजपुरी गायक गणेश लाजवाब यादव द्वारा सैलून संचालकों एवं नाई समाज की महिलाओं को लेकर कथित रूप से बेहद अश्लील और आपत्तिजनक गीत गाया गया है, जो सोशल मीडिया और यूट्यूब पर वायरल हो रहा है। समाज के लोगों का कहना है कि नाई समाज मेहनत, ईमानदारी और सम्मान के साथ अपने पारंपरिक पुश्तैनी व्यवसाय से जुड़ा है। ऐसे में किसी समाज, जाति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली अभद्र भाषा का प्रयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रखंड अध्यक्ष अरुण ठाकुर ने जताया कड़ा आक्रोश
नाई महासभा के चंदवा प्रखंड अध्यक्ष अरुण ठाकुर ने कहा, “नाई समाज का सैलून व्यवसाय पीढ़ियों से चला आ रहा एक हुनर है। हम लोग मेहनत और सम्मान के साथ अपना जीवन-यापन करते हैं। कथित गीत में सैलून व्यवसाय और समाज की बेटियों-बहनों को लेकर जिस तरह की गंदी भाषा का इस्तेमाल किया गया है, उससे पूरे समाज में उबाल है।”
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी कलाकार को सामाजिक, धार्मिक या मनोरंजन से जुड़े गीत गाने से आपत्ति नहीं है, लेकिन किसी जाति, समाज या किसी की बेटी-बहन को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बिहार सरकार से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित गायक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो नाई समाज झारखंड और बिहार में लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
जिला सचिव प्रदीप ठाकुर ने भी की कार्रवाई की मांग
लातेहार जिला नाई महासभा के जिला सचिव प्रदीप ठाकुर ने कहा कि गायक गणेश लाजवाब यादव द्वारा नाई समाज और सैलून व्यवसाय से जुड़े लोगों को लेकर अश्लील गीत गाया गया है, जिससे समाज के लोगों में काफी रोष है। उन्होंने कहा कि सैलून का काम केवल नाई समाज के लोग ही नहीं, बल्कि अन्य समाज के लोग भी सम्मान के साथ करते हैं। इसलिए इस गीत से सैलून व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने प्रशासन और सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित सोशल मीडिया/यूट्यूब कंटेंट को हटाने और आरोपी पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि फिलहाल समाज के लोग मीडिया के माध्यम से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं, यदि न्याय नहीं मिला तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।
गरिमा की रक्षा की मांग
बैठक में सर्वसम्मति से कहा गया कि गीत और मनोरंजन के नाम पर किसी समाज की भावनाओं से खिलवाड़ उचित नहीं है। भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएं। इस बैठक में जिला सचिव प्रदीप ठाकुर, राजू ठाकुर, बैजनाथ ठाकुर, रवि पांडुरंगा, निरंजन ठाकुर, रूपेश ठाकुर, भोला ठाकुर, रविन्द्र ठाकुर, अभिमन्यु ठाकुर, मुकेश ठाकुर, अजय ठाकुर, रवि ठाकुर, अनिल ठाकुर, प्रकाश ठाकुर, राजा ठाकुर, सत्यम ठाकुर समेत बड़ी संख्या में नाई समाज के लोग उपस्थित रहे।
