गलत इंजेक्शन देने से महिला की मौत का आरोप, हंगामा

360°

Eksandeshlive Desk

हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 38 साल की मालती देवी की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने डॉक्टर-नर्स पर लापरवाही और गलत इंजेक्शन देने का आरोप लगाया। इस घटना के बाद अस्पताल में हंगामा हुआ और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। मालती देवी (जयप्रकाश मार्ग, हजारीबाग) को 27 सितंबर को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत पर बेटी लक्ष्मी कुमारी ने भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि रात में दिए इंजेक्शन के 20 मिनट बाद उनके मुंह से झाग निकलने लगा, तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि इंजेक्शन देते समय डॉक्टर मौजूद नहीं थे और नर्स ने जानकारी नहीं दी। परिजनों का आरोप है कि सुबह अस्पताल में स्टाफ नहीं था और उन्हें प्रिस्क्रिप्शन भी नहीं मिल रहा। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से जांच व जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। वे न्याय मांग रहे हैं और पुलिस से शिकायत की तैयारी में हैं। डीएस डॉ राजकिशोर ने बताया कि महिला का इलाज ठीक चल रहा था और इंजेक्शन भी नियमानुसार दिया गया था। मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपाेर्ट मिलने के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है।

Spread the love