सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रांची में कांग्रेस का प्रदर्शन, निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रांची स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ एनएसयूआई के छात्र नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। झारखंड कांग्रेस ने पहले ही राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और रांची में निर्वाचन आयोग कार्यालय के घेराव की घोषणा की थी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से कार्यालय के बाहर काफी भीड़ जमा हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया। उनका कहना था कि मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई है। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के गेट से अंदर जाने की कोशिश भी की। कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर कार्यालय के बाहर डटे रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे।

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

पूर्वी सिंहभूम: चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जमशेदपुर में प्रदर्शन किया। साकची स्थित आमबगान मैदान से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह, जिला पार्षद परितोष सिंह, कार्यकारी जिला अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, आंनद बिहार दूबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे लगाए। आमबगान मैदान से शुरू हुआ पैदल मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचा। यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसआइआर प्रक्रिया तथा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विरोध जताया। इसके बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कार्यालय पहुंचा और राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम मांग पत्र सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम सुरक्षित रखना और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। बन्ना गुप्ता ने आरोप लगाया कि कुछ राज्यों में कथित चुनावी गड़बड़ियों के माध्यम से भाजपा की सरकारें बनी हैं। उन्होंने ऐसे राज्यों में सरकारों को बर्खास्त कर दोबारा निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग भी रखी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के आह्वान पर देश और झारखंड के सभी जिलों में आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने स्वतंत्र और निष्पक्ष संवैधानिक संस्था के रूप में कार्य करने वाले चुनाव आयोग को कमजोर किया है। उन्होंने मतदाता सूची से वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने का भी आरोप लगाया। कार्यकारी जिला अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने एसआइआर प्रक्रिया को लेकर कहा कि इसके कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा तथा पात्र मतदाताओं के अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने और सभी पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

Spread the love