रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

360° Ek Sandesh Live

जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का लिया संकल्प

अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान अभियान के तहत चतरा जिले में चलाए जा रहे रक्तदान कार्यक्रमों की कड़ी में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एक दर्जन लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के लिए अपना रक्त उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

शिविर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार संजीव ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन बचाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति चिकित्सकीय मानकों के अनुसार रक्तदान कर सकता है और इससे सामान्यतः स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव धर्मेंद्र पाठक ने रक्तदान को समाजसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि समय पर रक्त उपलब्ध होने से दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन और गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को बड़ी राहत मिलती है। उन्होंने बताया कि वे अब तक 34 बार रक्तदान कर चुके हैं और लोगों को भी नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं। शिविर के दौरान रक्तदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में डॉ. रागिब हसन, एमपीडब्ल्यू रत्नेश व रमेश कुमार, पत्रकार अजीत पांडेय, सतीश पांडेय, अजय राज, युवा समाजसेवी ताबिश खान सहित स्वास्थ्य कर्मी नागेश्वर प्रसाद, संजय कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं लोग मौजूद रहे।

Spread the love