रांची। पिछले कुछ दिनों से एसआईआर को लेकर अलग-अलग तरह की बातें व दावे जनता के सामने आ रहे हैं। मेयर ने कहा है कि मेरा मानना है कि ऐसे महत्वपूर्ण विषय पर राजनीति से ज्यादा जरूरी है कि जनता के सामने तथ्य साफ-साफ रखे जाएं। सबसे पहली व अत्यंत महत्वपूर्ण बात यह है कि मतदाता सूची किसी एक राजनीतिक दल की नहीं होती। यह देश के हर पात्र नागरिक के मताधिकार से जुड़ी होती है। इसलिए मतदाता सूची सही हो, उसमें पात्र नागरिकों का नाम रहे व किसी भी प्रकार की त्रुटि हो तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से सुधारा जाए, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। एसआईआर को लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से जो संयुक्त स्पष्टीकरण सामने आया है, उसमें आयोग ने स्पष्ट किया है कि एसआईआर सहित प्रमुख निर्णय आयोग की सहमति से लिए गए हैं। इसलिए इस विषय पर चर्चा करते समय हमें अनुमान, आरोप या सोशल मीडिया की बातों के बजाय आयोग द्वारा दिए गए आधिकारिक स्पष्टीकरण को देखना चाहिए। दूसरा महत्वपूर्ण विषय है वर्ष 2003 की मतदाता सूची। पुराने मतदाता रिकॉर्ड की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए जिन नागरिकों के पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध हैं, उन्हें अपने विवरण की जांच करनी चाहिए व जहां आवश्यकता हो, निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आवश्यक सुधार कराना चाहिए। इसी तरह फॉर्म-6 व उससे जुड़े घोषणा-पत्र को लेकर भी कई बातें कही जा रही हैं। ऐसे मामलों में मानना है कि जनता को भ्रमित करने के बजाय नियम व आधिकारिक प्रक्रिया को सामने रखा जाना चाहिए। हमारे लिए महत्वपूर्ण यह है कि एक आम नागरिक को यह समझ आए कि उसे क्या करना है व उसका अधिकार कैसे सुरक्षित रहेगा। मैं यह भी कहना चाहती हूं कि लोकतंत्र में सवाल पूछना बिल्कुल स्वाभाविक है। विपक्ष हो या सत्ता पक्ष-हर किसी को सवाल पूछने व अपनी बात रखने का अधिकार है। लेकिन जब संवैधानिक संस्थाओं व चुनावी प्रक्रिया की बात हो, तो राजनीतिक आरोपों के साथ ही तथ्य भी सामने रखने चाहिए। मेयर ने कहा है कि मेरी अपील किसी एक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। मेरी अपील रांची की जनता के पक्ष में है। अगर किसी मतदाता के नाम, पता, परिवार के विवरण या मतदाता रिकॉर्ड में कोई गलती है, तो वह उसे निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से ठीक कराए। अगर किसी को एसआईआर को लेकर कोई जानकारी चाहिए, तो आधिकारिक स्रोतों से जानकारी प्राप्त करे। हमें ऐसी राजनीति नहीं करनी चाहिए जिसमें आम नागरिक ही भ्रमित हो जाए कि आखिर सही क्या है व गलत क्या है।
हमारा उद्देश्य बहुत स्पष्ट होना चाहिए
मतदाता सूची सही हो, पात्र नागरिक का नाम सुरक्षित रहे व हर पात्र नागरिक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके। रांची की जनता से अपील है कि किसी भी दावे को केवल सुनकर या सोशल मीडिया पर देखकर विश्वास न करें। तथ्य देखें, आधिकारिक जानकारी देखें व अपने मतदाता विवरण की जांच करें। लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता का अधिकार हम सबकी साझा जिम्मेदारी है व हम सबको मिलकर विकसित देश की परिकल्पना को पूर्ण करना चाहिए।
