फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, कोयला-बालू तस्करी पर रोक को लेकर दिए निर्देश
बड़कागांव/हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बुधवार को बड़कागांव थाना का निरीक्षण कर थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था व अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद, थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।लंबित कांडों व वारंट के निष्पादन पर जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में अपराध नियंत्रण व विधि-व्यवस्था से संबंधित संचिकाओं की जांच की। उन्होंने लंबित कांड, वारंट व कुर्की से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को इनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। थाना क्षेत्र में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाने को कहा गया।
नशे के खिलाफ जागरूकता व कार्रवाई
अवैध मादक पदार्थ से जुड़े लंबित मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही लोगों के बीच नशे के दुष्प्रभाव को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। एनटीपीसी व उससे जुड़े कोल माइंस क्षेत्रों में खनन व परिवहन गतिविधियों को देखते हुए लगातार गश्त जारी रखने को कहा गया। एसपी ने इन इलाकों में चोरी, लूट, डकैती समेत अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस की सक्रियता बनाए रखने का निर्देश दिया। अवैध बालू, कोयला व अन्य प्रकार की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा गया। एसपी ने आम लोगों व जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने व क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने पर भी जोर दिया। साथ ही लंबित अनुसंधान की समीक्षा कर मामलों का निष्पादन व संगठित अपराध पर प्रभावी रोक लगाने के लिए थाना प्रभारी व अन्य पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
