लातेहार: नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी स्वायत्त संस्था की निष्पक्षता एवं कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना लोकतंत्र के लिये सही नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाना या विरोध करना हर किसी का अधिकार होता है लेकिन विरोध का कोई आधार या तथ्य होना चाहिये।
झूठा आरोप लगा कर आम जनता के बीच में भ्रम फैलाना कहीं से भी उचित प्रतीत नहीं होता है। विपक्षी पार्टियां आजकल यही कर रही है श्री सिंह बुधवार को स्थानीय परिषदन भवन में प्रेस को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान श्री सिंह व भाजपा जिला मंत्री मुकेश पांडेय ने विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दलों के द्वारा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाये जा रहे सवालों का जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के संयुक्त बयान से एसआईआर को लेकर विपक्ष द्वारा लगाये जा रहे कई आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो गया है। चुनाव आयोग ने अपने स्पष्टीकरण में एसआईआर समेत प्रमुख निर्णयों को सर्वसम्मति से लिये जाने की बात कही है।
ऐसे में चुनाव आयोग की निष्पक्षता और निर्णय प्रक्रिया पर सवाल उठाकर जनता के बीच में भ्रम की स्थिति पैदा करना बिल्कुल भी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और मतदाता सूची को अद्यतन और शुद्ध रखना चुनावी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक सतत लोकतांत्रिक प्रक्रिया है इसका उद्देश्य है पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करना और मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित एवं अद्यतन बनाना है। इस मौके पर लोजपा (आर) के प्रदेश सचिव मुरली प्रसाद , भारतीय जनता पार्टी उपाध्यक्ष राकेश दुबे , मंडल अध्यक्ष पिंटू राजक , सांसद प्रतिनिधि शिवमंगल सिंह व विजय प्रसाद आदि मौजूद थे।
