गुमला जूनियर एशिया हॉकी कप में स्वर्ण पदक जीतकर गुमला जिला एवं झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली 18 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी पार्वती टोपनो के परिवार की मूलभूत समस्याओं का जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), गुमला ने संज्ञान लिया है। समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के माध्यम से पार्वती टोपनो के घर में समुचित शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं होने तथा अन्य मूलभूत समस्याओं की जानकारी सामने आने के बाद माननीय झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति श्री सुजीत नारायण प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डालसा, गुमला को उनके घर जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने तथा विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। कार्यकारी अध्यक्ष के निर्देश के अनुपालन में तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गुमला श्री अजीत कुमार सिंह के मार्गदर्शन में डालसा, गुमला की टीम पार्वती टोपनो के आवास पर पहुंची। टीम ने उनके माता-पिता से मुलाकात कर परिवार की वर्तमान आवासीय स्थिति, शौचालय एवं पेयजल की उपलब्धता तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से प्राप्त लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।परिवार से बातचीत के दौरान पार्वती टोपनो के पिता सोमा टोपनो ने बताया कि पार्वती टोपनो हॉकी प्रशिक्षण के लिए एक दिन पूर्व ही बेंगलुरु रवाना हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा उनके परिवार के लिए आवास स्वीकृत/आवंटित किया गया है तथा उन्हें इसका स्वीकृति पत्र भी प्राप्त हो चुका है। परिवार को राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है। वहीं उनकी पत्नी जागो टोपनो को भी मंईयां सम्मान योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है।परिवार ने बताया कि वर्तमान में उनके आवास में शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण परिवार के सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता भी उनके लिए एक प्रमुख समस्या बनी हुई है। परिवार की ओर से इन दोनों समस्याओं के शीघ्र समाधान की आवश्यकता बताई गई।
डालसा की टीम ने परिवार की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर परिवार की पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल करेगा।विशेष रूप से शौचालय निर्माण एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था से संबंधित समस्या के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों से समन्वय कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा। टीम ने कहा कि परिवार को उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी भी आवश्यकतानुसार जानकारी लेकर पात्रता के अनुरूप लाभ दिलाने में सहयोग किया जाएगा।डालसा की टीम ने परिवार को बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य केवल न्यायालयों में पात्र लोगों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं है, बल्कि जरूरतमंद एवं वंचित लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रावधानों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करना भी है।
डालसा की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र व्यक्ति या परिवार को जानकारी के अभाव में उसके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
जूनियर एशिया हॉकी कप में स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाने वाली पार्वती टोपनो की उपलब्धि को देखते हुए डालसा, गुमला द्वारा उन्हें अपने विधिक एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ने की भी पहल की जा रही है ताकि उनकी संघर्ष एवं सफलता की कहानी ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को शिक्षा, खेल तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित कर सके।
डालसा का मानना है कि पार्वती टोपनो की सफलता ग्रामीण एवं सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों के प्रतिभावान बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकती है। खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि उचित अवसर, मेहनत और दृढ़ संकल्प के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
डालसा की ओर से कहा गया कि पार्वती टोपनो की उपलब्धि पूरे गुमला जिले एवं झारखंड के लिए गौरव की बात है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जूनियर एशिया हॉकी कप में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी उपलब्धि न केवल खेल जगत में जिले की पहचान को मजबूत करती है, बल्कि क्षेत्र के अन्य बच्चों एवं युवाओं को भी खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
डालसा की टीम ने परिवार को भरोसा दिलाया कि विधिक सेवा प्राधिकार जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सदैव सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।
