Eksandeshlive Desk
रांची: झारखंड के सरकारी अस्पतालों में दवा खरीद में कथित अनियमितता को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार को घेरा है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने आरोप लगाया कि झारखंड में कई दवाओं की खरीद दूसरे राज्यों की तुलना में अधिक कीमत पर की जा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मामले में जवाब देने की मांग की। अजय साह ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि बिहार में एमोक्सिसिलिन 500 एमजी की खरीद करीब 1.15 रुपये प्रति इकाई की दर से होने की बात सामने आई है, जबकि झारखंड में इसी दवा के लिए करीब 3.50 रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 21 ग्राम ओआरएस की कीमत भी झारखंड में करीब 8.50 रुपये बताई जा रही है, जबकि अन्य राज्यों में इसकी खरीद कम कीमत पर हो रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राज्य के 11 सदर अस्पतालों में दवा खरीद से संबंधित 11 टेंडर रांची के एक ही परिवार से जुड़ी फर्मों को दिए गए। इन टेंडरों में बाजार दर से कई गुना अधिक कीमत पर खरीद के आरोप पहले भी सामने आ चुके हैं।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में है। एंबुलेंस व्यवस्था के बाद अब दवाओं की उपलब्धता और खरीद प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अस्पतालों में जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं हैं, जबकि पूर्व में एक्सपायर्ड दवाओं की उपलब्धता और उन्हें नष्ट किए जाने के मामले भी सामने आए हैं। अजय शाह ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि टेंडर, एंबुलेंस, मोतियाबिंद ऑपरेशन और अब दवा खरीद को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। उन्होंने इन मामलों में राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
