मुथूट फिनकॉर्प बना भारतीय घरेलू क्रिकेट का टाइटल स्पॉन्सर

Business

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 से क्रिकेट प्रशंसकों से जुड़ेगा ब्रांड, ‘गोल्डन प्लेयर ऑफ द मैच’ को मिलेगा सम्मान

Eksandeshlive Desk

रांची: रांची में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी के साथ भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले में मुथूट फिनकॉर्प भारतीय क्रिकेट के साथ अपनी नई साझेदारी का जश्न मनाएगा। मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड अब भारत में खेले जाने वाले घरेलू क्रिकेट मैचों के साथ-साथ सभी अंतरराष्ट्रीय सीरीज और टूर्नामेंट का टाइटल स्पॉन्सर बन गया है। इस साझेदारी के तहत भारतीय पुरुष सीनियर राष्ट्रीय टीम, महिला सीनियर राष्ट्रीय टीम, इंडिया-ए पुरुष, इंडिया-बी पुरुष, इंडिया-ए महिला तथा अंडर-19 पुरुष एवं महिला टीमों सहित अन्य निर्धारित टीमें शामिल होंगी। कंपनी प्रमुख घरेलू प्रतियोगिताओं से भी जुड़ेगी। इनमें रणजी ट्रॉफी, ईरानी कप, दलीप ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी प्रमुख हैं।

मुथूट फिनकॉर्प की ओर से मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को ‘गोल्डन प्लेयर ऑफ द मैच’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा। मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक थॉमस जॉर्ज मुथूट ने कहा कि क्रिकेट भारतीय लोगों से जुड़ने का एक प्रभावी माध्यम है। बीसीसीआई के साथ यह साझेदारी राष्ट्रीय और घरेलू दोनों स्तरों पर भारतीय क्रिकेट को समर्थन देने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शाजी वर्गीज ने कहा कि यह साझेदारी भारतीय क्रिकेट के विभिन्न स्तरों से जुड़ने और आम भारतीय की कहानी का हिस्सा बनने का अवसर प्रदान करती है। बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने मुथूट फिनकॉर्प का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट का घरेलू सत्र राष्ट्रीय टीमों, घरेलू प्रतियोगिताओं और क्रिकेटरों को उनके करियर के विभिन्न पड़ावों पर एक साथ लाता है। उन्होंने मुथूट फिनकॉर्प के विशिष्ट नीले रंग और भारतीय क्रिकेट की ‘मेन एंड वुमेन इन ब्लू’ पहचान के बीच स्वाभाविक जुड़ाव का भी उल्लेख किया।

बीसीसीआई के मानद सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारत का घरेलू क्रिकेट सत्र देश के पूरे क्रिकेट ढांचे का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें सीनियर राष्ट्रीय टीमों से लेकर इंडिया-ए, आयु वर्ग की टीमों और घरेलू प्रतियोगिताओं तक सभी स्तर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मुथूट फिनकॉर्प की व्यापक साझेदारी भारतीय क्रिकेट को मजबूत करने और खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगी। इस साझेदारी के जरिए मुथूट फिनकॉर्प को बीसीसीआई की राष्ट्रीय टीमों और प्रमुख घरेलू प्रतियोगिताओं के माध्यम से देशभर के क्रिकेट प्रशंसकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

Spread the love