बुंडू। भूमि संरक्षण निदेशालय रांची के निर्देश पर मंगलवार को बुंडू अनुमंडल में किसानों और जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम भूमि संरक्षण पदाधिकारी, बुंडू के कार्यालय परिसर में हुआ। कार्यशाला में ग्राम प्रधान, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कृषि व किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि योजनाओं के तहत सरकारी और निजी तालाबों का जीर्णोद्धार, परकोलेशन टैंक निर्माण, डीप बोरिंग, पंपसेट, मिनी ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि यंत्रों का वितरण किया जाता है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ट्रैक्टर योजना और आरकेवीवाई के तहत एसएमएएम योजना की भी जानकारी दी गई। कार्यशाला में किसानों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पात्रता के बारे में सरल तरीके से बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही लाभुकों तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, किसानों और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। इस दौरान किसानों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की कृषि से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को सुनकर आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में भूमि संरक्षण पदाधिकारी उत्तम कुमार, कनिष्ठ अभियंता कृति बोदरा, कर्मचारी बासिन, इफ्तेखार, मुखिया ताऊ रोशनी लांग, पंचायत समिति सदस्य रीना कुमारी, ग्राम प्रधान भोलानाथ मुंडा, बुधनलाल मुंडा, सुखलाल मुंडा सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं लाभुक किसानों में सत्येंद्र मुंडा, गुनीलाल, सोमा मुंडा, हेमप्रसाद, मदन गोंझू, रामरतन और किशन सहित अन्य किसान शामिल हुए।
