रांची। लोकहित अधिकार पार्टी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और रणनीतिक विशेष बैठक गुरूवार को भामा शाह नगर स्थित प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पार्टी के विस्तार, आगामी राजनीतिक गतिविधियों तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर गहन मंथन किया गया। बैठक में राज्यभर से आए प्रमुख पदाधिकारियों व कार्यकतार्ओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और संगठन को जमीनी स्तर पर नई धार देने का संकल्प लिया। बैठक का मुख्य केंद्र आगामी गिरिडीह उपचुनाव और पंचायत चुनाव रहे। गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव में पार्टी द्वारा सशक्त प्रत्याशी उतारने की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र की जनता पारंपरिक दलों की नीतियों से त्रस्त है और एक मजबूत, जनहितैषी विकल्प की तलाश में है। इसके अतिरिक्त, राज्य में होने वाले आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पार्टी की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की रूपरेखा तैयार की गई। गांव-गांव और टोले-टोले तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने के लिए कार्यकतार्ओं को जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया गया। सामाजिक न्याय के मुद्दे पर चर्चा करते हुए बैठक में जातीय जनगणना का मुद्दा प्रमुखता से उठा। पार्टी नेताओं ने केंद्र व राज्य स्तर पर होने वाली जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए स्पष्ट कॉलम जोड़ने की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक ओबीसी समाज की सटीक गणना नहीं होगी, तब तक उनके संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण और समुचित विकास की योजनाओं का सही क्रियान्वयन संभव नहीं है। लोकहित अधिकार पार्टी इस मांग को लेकर जन-आंदोलन का रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने पर बल दिया गया। आगामी दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के दौरान जनसंपर्क अभियान तेज करने और शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में कार्यकतार्ओं के सहयोग पर भी चर्चा हुई। उपस्थिति रजिस्टर के अनुसार बैठक में प्रदेश के वरीय उपाध्यक्ष रामविलास साव,प्रदेश महासचिव प्रमोद प्रसाद गुप्ता, कला संस्कृति एवं खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार गौतम, प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह गढ़वा जिला प्रभारी कपिल साहू,विंदे शाह, जुलफान अंसारी, कार्यालय प्रभारी नंदू साव, रांची जिला महासचिव सूरज गोप, अनिल मुंडा, अनुज नायक, प्रदेश का समिति सदस्य मीना देवी, जिला अध्यक्ष सुशीला देवी, प्रदेश प्रवक्ता दानेश्वर साहू, सुनील बेदिया, अबुल कलाम अंसारी, विकास बेदिया, रामविलास साव, परमानंद कुमार , देवनंदन कुमार, कपिल साह तथा दशमी देवी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
