रांची। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय का 9 अक्टूबर को जमशेदपुर का एक दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे विद्युत आपूर्ति क्षेत्र जमशेदपुर से जुड़े विद्युतकर्मियों एवं मानव दिवस कर्मियों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक, विद्युत आपूर्ति क्षेत्र जमशेदपुर से मुलाकात कर वार्ता करेंगे। अजय राय के दौरे का मुख्य उद्देश्य विद्युतकर्मियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान कराने तथा उनके कार्यस्थल से जुड़े मुद्दों को विभागीय स्तर पर मजबूती से उठाना है। इस दौरान मानव दिवस कर्मियों के लंबित मानदेय, भुगतान में हो रही देरी, सेवा संबंधी समस्याओं, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य श्रमिक हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय महाप्रबंधक के समक्ष विद्युतकर्मियों की समस्याओं को रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मानव दिवस एवं अन्य विद्युतकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विपरीत परिस्थितियों में भी ये कर्मी लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इसलिए उनके साथ न्यायपूर्ण व्यवहार और उनकी लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान आवश्यक है। श्री राय ने कहा कि झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ विद्युतकर्मियों के अधिकार, सम्मान और हितों के लिए लगातार संघर्षरत है और किसी भी कर्मी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। वार्ता के माध्यम से समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
