सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर की जायेगी कड़ी कार्रवाई
आपात स्थिति में कंट्रोल रूम नंबर 06565-247981/08987796308/6206159795 अथवा 112 पर कॉल कर दें सूचना
लातेहार। दुर्गा पूजा के अवसर पर सुरक्षा व विधि व्यवस्था संधारण को लेकर डीसी संदीप कुमार की अध्यक्षता में गुरूवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें दुर्गा पूजा को शांति व सदभावपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। इस दौरान डीसी ने सभी प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों को दुर्गा पूजा पर विधि व्यवस्था संधारण में पूरी तरह से चौकसी बनाये रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अंचलाधिकारी व थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि अपने अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक कर लें। सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान यदि किसी शरारती तत्व की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की कोशिश की गई, तो उसके विरुद्ध कड़ी कारवाई की जायेगी। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा में किसी तरह की विधि व्यवस्था की समस्या नहीं हो इसके लिये पूर्व में ही सभी तैयारी पूरी कर लें। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों व दंडाधिकारियों को पूरी सतर्कता व सजगता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। सभी थाना तैयारी के साथ-साथ सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रखें। सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी व गश्ती करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावे सभी पूजा पंडाल समिति के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार का भड़काऊ या अश्लील गाने का प्रयोग नहीं किया जाये। बैठक में एसपी कुमार गौरव ने कहा कि आगामी त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जायेगी। किसी भी प्रकार की सहायता के लिये या आपात स्थिति में सूचना देने के लिये जिले स्तर पर 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम नंबर 06565झ्र247981 पर अथवा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 08987796308 पर कॉल करके सूचना साझा किया जा सकता है। साईबर सेल के मोबाइल नंबर 6206159795 पर अथवा 112 पर भी कॉल कर सूचना साझा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा में डीजे पर पूर्णत: पाबंदी रहेगी। उन्होनें पूजा समितियों को अपना लाइसेंस का नवीनीकरण करा लेने की बात कही। कहा कि विसर्जन निर्धारित रूट से ही की जायेगी। विसर्जन के दौरान बिजली सेवा बाधित रहेगी। उन्होनें रूट में बिजली की वैकल्पिक व्यस्था करने की बात कही। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल ही ध्यान नहीं दें। दुर्गा पूजा के दौरान जिले में विधि व्यवस्था बनाये रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने पूजा पंडाल में सीसीटीवी व लाइट की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, आइटीडीए निदेशक सरोजनी ऐनी तिर्की, सिविल सर्जन राजमोहन खलखो, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़, जिला परिवहन पदाधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन, मनिका व लातेहार विधायक प्रतिनिधि, सभी विभाग के कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, गणमान्य व्यक्तियों समेत अन्य उपस्थित थे।
