भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले को लेकर रांची में उत्साह, वैभव-श्रेयस की जर्सी का क्रेज

Sports

सुरक्षा में 518 पुलिस अधिकारी और 1,200 जवान तैनात-50 रुपये में जमा हो रहे बैग-हेलमेट

Eksandeshlive Desk

रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम के आसपास शुक्रवार सुबह से ही क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी है। मैच को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। स्टेडियम के बाहर फुटपाथों पर सजी दुकानों में भारतीय टीम की नीली जर्सी और तिरंगे की मांग बढ़ गई है। वहीं, मुकाबले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। स्टेडियम के अंदर और बाहर पुलिस अधिकारियों तथा जवानों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है। मैच से पहले स्टेडियम के आसपास का इलाका क्रिकेट के रंग में रंगा नजर आ रहा है। सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों पर भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी, तिरंगे और अन्य क्रिकेट सामग्री की बिक्री हो रही है। दर्शकों के बीच स्थानीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की नंबर 03 वाली जर्सी और श्रेयस अय्यर की नंबर 96 वाली जर्सी को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मैच देखने पहुंच रहे क्रिकेट प्रेमी अपनी पसंदीदा टीम और खिलाड़ियों के समर्थन में खरीदारी कर रहे हैं।

जेएससीए प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर बैग या हेलमेट रखने की कोई आधिकारिक व्यवस्था नहीं की गई है। इसका फायदा उठाते हुए स्टेडियम के बाहर स्थानीय लोगों ने अस्थायी स्टॉल लगा दिए हैं। इन स्टॉलों पर दर्शकों से बैग और हेलमेट रखने के लिए प्रति सामान 50 रुपये वसूले जा रहे हैं। जेएससीए के अनुसार, दर्शकों के प्रवेश के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर तीन बजे से खोले जाएंगे। स्टेडियम में प्रवेश के लिए वैध टिकट अनिवार्य है। बच्चों और नवजात शिशुओं के लिए भी टिकट लेना जरूरी किया गया है। बिना टिकट किसी भी दर्शक को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेडियम के भीतर कई वस्तुएं ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। दर्शक पानी की बोतल, सिक्के, सिगरेट लाइटर, हेलमेट, बैग, डीएसएलआर कैमरा और खाने-पीने का सामान लेकर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा, दर्शकों को अपने निर्धारित विंग में ही रहना होगा। एक विंग से दूसरे विंग में जाने की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों की सुविधा के लिए एमएस धोनी पवेलियन, मीडिया बॉक्स और विभिन्न विंग्स की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही, जगह-जगह दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि दर्शकों को अपनी निर्धारित सीट तक पहुंचने में परेशानी न हो। मुकाबले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को दो चक्रों में बांटा गया है। कुल 518 पुलिस पदाधिकारियों और 1,200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। स्टेडियम के अंदर स्टैंड्स, पवेलियन और संवेदनशील गैलरी में 335 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 850 जवान तैनात रहेंगे। ये सुरक्षा कर्मी दर्शकों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

वहीं, स्टेडियम के बाहरी परिसर, पार्किंग स्थलों, जांच बैरिकेड्स और प्रमुख चौराहों पर 183 पुलिस पदाधिकारियों तथा 350 जवानों की तैनाती की गई है। महिला दर्शकों की सुरक्षा और महिला दर्शकों की तलाशी के लिए 400 महिला पुलिसकर्मियों को भी प्रतिनियुक्त किया गया है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कर रहे हैं। स्टेडियम के अंदर और बाहर प्रवेश जांच, भीड़ प्रबंधन और वीआईपी मूवमेंट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने बताया कि भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर होटल रेडिसन ब्लू से लेकर जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस का प्रयास है कि मैच देखने आने वाले दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह के बीच पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण तथा दर्शकों की सुविधा को प्राथमिकता दी है। स्टेडियम परिसर में प्रवेश से लेकर दर्शकों के अपनी सीट तक पहुंचने और मैच समाप्त होने के बाद सुरक्षित निकासी तक सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।

Spread the love