पुलिसकर्मी की जान बचाने वाले पत्रकार अनिल विश्वकर्मा सम्मानित

360° Ek Sandesh Live

By Akabar Ansari

नेमरा में सीपीआर देकर अचेत पुलिसकर्मी की मदद की, प्रेस क्लब रामगढ़ ने किया सम्मानित

रामगढ़। पत्रकारिता केवल खबरों को सामने लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देना भी इसकी महत्वपूर्ण पहचान है। इसी भावना को प्रोत्साहित करते हुए प्रेस क्लब रामगढ़ की ओर से पत्रकार अनिल विश्वकर्मा को उनके सराहनीय मानवीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता श्रीमती रूपी सोरेन के अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में बड़ी संख्या में लोग और पुलिसकर्मी पहुंचे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी अचानक बेहोश हो गया और उसकी नाक से खून निकलने लगा।मौके की गंभीरता को समझते हुए पत्रकार अनिल विश्वकर्मा ने तत्काल पहल की और अचेत पुलिसकर्मी को सीपीआर देकर उसकी मदद की। उनकी तत्परता से पुलिसकर्मी को समय पर सहायता मिल सकी। अनिल विश्वकर्मा की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए प्रेस क्लब रामगढ़ ने उन्हें सम्मानित किया।उनके इस कार्य ने यह संदेश दिया कि संकट की घड़ी में समय पर की गई मदद किसी व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। पत्रकारिता के साथ मानवीय जिम्मेदारी निभाने का उनका यह प्रयास सराहनीय है।

सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले पत्रकार कृष्ण कुमार भी सम्मानित

प्रेस क्लब रामगढ़ की ओर से पत्रकार कृष्ण कुमार को भी सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने के लिए सम्मानित किया गया। बताया गया कि चुनाव कवरेज के लिए जाते समय कृष्ण कुमार की नजर सड़क दुर्घटना में घायल एक परिवार के सदस्यों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल मानवीय पहल करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।उनकी इस तत्परता और संवेदनशीलता को देखते हुए प्रेस क्लब रामगढ़ ने उन्हें सम्मानित किया। क्लब की इस पहल का उद्देश्य पत्रकारों के भीतर सामाजिक जिम्मेदारी, मानवीय संवेदनाओं और जरूरतमंदों की मदद करने की भावना को प्रोत्साहित करना है।

Spread the love