एसआईआर को लेकर कांग्रेस देश में फैला रही भ्रम : आदित्य

Politics

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना, गिरिडीह में छात्रों से मारपीट मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की

Eksandeshlive Desk

गिरिडीह: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रविरोधी शक्तियों के साथ मिलकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया का विरोध कर रही है और इससे देश में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से देश में समय-समय पर एसआईआर की प्रक्रिया होती रही है। शनिवार को गिरिडीह पहुंचे आदित्य साहू दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त और एसआईआर के विरोध में हो रहे प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के तहत अवैध रूप से रह रहे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तत्व विभिन्न मुद्दों को उठाकर देश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि जनता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां गैर-भाजपा सरकारें चुनाव जीतती हैं, वहां चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन भाजपा के सत्ता में आने पर झूठे और तथ्यहीन मुद्दों के जरिए जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश होती है। उन्होंने 2014 से पहले की कांग्रेस सरकार और वर्तमान समय की तुलना करते हुए दावा किया कि देश लगातार प्रगति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गिरिडीह में छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए आदित्य साहू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले में अब तक प्राथमिकी क्यों दर्ज नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो समर्थकों ने छात्रों की पिटाई की थी और मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए। गिरिडीह विधानसभा सीट पर आने वाले महीनों में संभावित उपचुनाव को लेकर आदित्य साहू ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और भाजपा गिरिडीह सीट पर जीत दर्ज करेगी।

Spread the love