चुटिया के इक्कीसो महादेव मंदिर में भव्य दुर्गापूजा की तैयारी, चार दिनों तक होंगे विशेष धार्मिक आयोजन

Religious

स्वर्णकार समाज की ओर से होगा आयोजन, 151 किलो दूध की खीर और 201 महिलाओं की मंगला आरती रहेगी आकर्षण का केंद्र

Eksandeshlive Desk

रांची: राजधानी रांची के चुटिया स्थित इक्कीसो महादेव मंदिर परिसर में श्री स्वर्णकार दुर्गा पूजा समिति की ओर से भव्य दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी ने बताया कि इस वर्ष पूजा में प्राचीन रीति-रिवाजों और धार्मिक परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। पूजा के दौरान चार दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों, भोग वितरण, मंगला आरती, कन्या पूजन और गंगा आरती का आयोजन होगा। पूजा पंडाल का उद्घाटन मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा, जिसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना शुरू होगी। संतोष कुमार सोनी ने बताया कि चुटिया क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले मेले की अपनी अलग ऐतिहासिक पहचान है। यह परंपरा कई दशकों से चली आ रही है। पूर्वज इसी नदी के पानी से भोजन बनाते थे और कार्तिक पूर्णिमा के दिन पूजा-पाठ करने के बाद सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण कर यहां से प्रस्थान करते थे। हालांकि, वर्तमान समय में नदी की स्वच्छता प्रभावित हुई है, लेकिन इसे बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूजा के आयोजन में तीन पुरोहित शामिल होंगे, जो मिलकर सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। सप्तमी के दिन डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन दोपहर एक बजे 151 किलो दूध से तैयार खीर का भोग लगाया जाएगा और श्रद्धालुओं के बीच लगातार प्रसाद वितरित किया जाएगा।

अष्टमी के दिन मंगला आरती और भगवान शिव का विशेष शृंगार किया जाएगा। इस अवसर पर 201 महिलाएं एक साथ मंगला आरती करेंगी। इसके लिए महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। समिति ने बताया कि यदि अन्य महिलाएं भी इसमें शामिल होना चाहेंगी, तो उनका स्वागत किया जाएगा। अष्टमी के दिन शुद्ध घी से तैयार हलवे का भोग लगाया जाएगा और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण होगा। नवमी के दिन कन्या पूजन का आयोजन किया जाएगा। कन्याओं की पूजा-अर्चना कर उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराया जाएगा। इसके तहत शुद्ध सेंधा नमक से तैयार पूरी, आलू-चना की सब्जी और खीर परोसी जाएगी। पूजा के बाद कन्याओं को दक्षिणा देकर विदाई दी जाएगी। वहीं, विजयादशमी के दिन गंगा आरती होगी और खिचड़ी का भोग लगाकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके बाद एकादशी के दिन दोपहर दो बजे माता की विदाई और विसर्जन के लिए शोभायात्रा बटन तालाब की ओर प्रस्थान करेगी। समिति अध्यक्ष के अनुसार, पंडाल निर्माण, लाइटिंग, प्रतिमा, भोग और अन्य व्यवस्थाओं को मिलाकर आयोजन पर लगभग एक से सवा करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के लिए आम दुकानदारों से चंदा नहीं लिया जा रहा है। स्वर्णकार समाज के दुकानदारों और समाज के लोगों के आपसी सहयोग से आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भले ही पूजा का आयोजन स्वर्णकार समाज द्वारा किया जा रहा है, लेकिन पंडाल सभी श्रद्धालुओं और आम जनता के लिए खुला रहेगा। समिति सभी धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं का स्वागत करती है। उन्होंने लोगों से पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने और सेवा का अवसर देने की अपील की। इक्कीसो महादेव मंदिर तक पहुंचने के लिए सुरेश्वर धाम शिव मंदिर से सीधे दाहिनी ओर आने पर मंदिर परिसर पहुंचेगा, जहां पूजा का आयोजन किया जा रहा है।

Spread the love