रणजी ट्रॉफी: विराट और आदित्य के शतकों से झारखंड मजबूत, पहली पारी में बनाए 587 रन

Sports

शिखर के बाद दो और शतकवीर; केरल के वैशाख चंद्रन ने झटके पांच विकेट

Ranjeet Kumar

जमशेदपुर: कप्तान विराट सिंह और आदित्य चंद्रेश सिंह के शानदार शतकों से झारखंड ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी के अपने पहले मुकाबले में केरल के खिलाफ मजबूत स्थिति बना ली है। कीनन स्टेडियम में सोमवार को दूसरे दिन झारखंड की पहली पारी 179.5 ओवर में 587 रन पर समाप्त हुई। विराट ने 108 और आदित्य ने 147 रन बनाए। पहले दिन शिखर मोहन ने 143 रन की पारी खेली थी। पांच विकेट पर 289 रन से आगे खेलते हुए झारखंड ने दूसरे दिन अपने स्कोर में 298 रन जोड़े। विराट और आदित्य ने छठे विकेट के लिए 227 रन जोड़कर केरल की वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। पिछले दिन अंतिम सत्र में लगातार विकेट गंवाने वाली मेजबान टीम को दोनों बल्लेबाजों ने संभाला और स्कोर 500 के पार पहुंचाया।

विराट ने 263 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से शतक पूरा किया। आदित्य ने 279 गेंदों की अपनी पारी में 17 चौके लगाए और टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे। विराट के आउट होने पर यह महत्वपूर्ण साझेदारी टूटी। केरल की ओर से वैशाख चंद्रन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 166 रन देकर पांच विकेट लिए। अनुभवी जलज सक्सेना ने 126 रन देकर तीन और आदित्य सरवटे ने 116 रन देकर दो विकेट हासिल किए। झारखंड की पारी में तीन बल्लेबाजों ने शतक जमाए, जबकि उत्कर्ष सिंह ने 71 रन का योगदान दिया। विशाल स्कोर के बाद अब मेजबान टीम की नजर गेंदबाजी में प्रभावी प्रदर्शन कर पहली पारी की बढ़त हासिल करने पर होगी।

Spread the love