सेवा और अंत्योदय भाजपा का मूलमंत्र : बाबूलाल मरांडी

360° Ek Sandesh Live

विभिन्न दलों के दिग्गजों ने थामा भाजपा का दामन

रांची। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में विभिन्न दलों को छोड़कर कई नेताओं और नेत्रियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की ओर से आयोजित मिलन समारोह कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में इन नए सदस्यों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बाबूलाल मरांडी ने इस सभी नेताओं का स्वागत किया। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में सरायकेला, हजारीबाग, बोकारो एवं जमशेदपुर जिला के विभिन्न दलों के कई वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी शामिल हैं। इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले कई नेता जनसंघ और भाजपा से जुड़े परिवारों की पृष्ठभूमि से आते हैं। इसलिए ये कोई नए सदस्य नहीं, बल्कि अपने परिवार में वापस आए सदस्य हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इनके जुड़ने से संगठन मजबूत होगा और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। मरांडी ने कहा कि भाजपा का मूलमंत्र सेवा और अंत्योदय है। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और अंत्योदय के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि देशभर में चल रहे सेवा संकल्प अभियान से प्रेरित होकर लोग संगठन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 13 साल मुख्यमंत्री और 12 साल पीएम के रूप में देश की जनता की सेवा करने का काम कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने पार्टी में योगदान देने वालों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए आग्रह किया कि आप सभी लोग पार्टी कार्यकतार्ओं के साथ मिलकर काम करेंगे और 2029 में राज्य में भाजपा की सरकार बनाने में अपनी भूमिका को निभाएंगे। भाजपा में योगदान करने वाले नेता खगेन महतो ने कहा कि वे भाजपा और जनसंघ के नेता हिकीम चंद्र महतो के परिवार से आते हैं। लिहाजा उनके रग रग में ही भाजपा है। आज भाजपा के झंडे के नीचे आकर गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि जबतक जीवित हूं, भाजपा संगठन के लिए काम करूंगा। झारखंड़ के दिग्गज नेता रहे समरेश सिंह की बहू परिंदा सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों, सिद्धांतों और राष्ट्रहित में लिए गए संकल्पों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्हीं संकल्पों को धरातल पर उतारते हुए राष्ट्रीय एकता, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण को केंद्र में रखकर देश को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास हो रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी संकल्पित होकर इसी दिशा में काम कर रहे हैं। मैं भी इसी विचारधारा तथा सेवा के संकल्प को लेकर संगठन के लिए काम करूंगी। बिमल बैठा ने कहा कि जब तक शरीर में रक्त है तक भाजपा के नीति सिद्धान्त से जुड़ा रहूंगा और भाजपा को शीर्ष पर पहुंचाने के लिए काम करूंगा।

Spread the love