By Sunil
रांची: झारखंड में लोग जागरुक हैं, यह यहां की शिक्षा व्यवस्था का परिणाम है। इसका श्रेय यहां के शैक्षिक नेतृत्व करने वाले प्राचार्यों को जाता है। उक्त बातें सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने रांची सहोदया कांप्लेक्स के द्वारा कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड में आयोजित एक अभिनंदन समारोह में कही। उन्होंने कहा कि सीबीएसई से सम्बद्ध विद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लक्ष्यों और अन्य कार्यों को समयबद्धता के साथ क्रियान्वित करें ।इससे पहले कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने श्री शर्मा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रांची सहोदया कांप्लेक्स में शामिल विद्यालय अपने क्रियाकलापों, नवाचारों के प्रयोग और अनुभवों के आदान प्रदान से क्षेत्र में शिक्षा को एक नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री शर्मा के दिशानिर्देश से इसे एक नया स्वरूप मिलेगा। रांची सहोदया कांप्लेक्स के अध्यक्ष सह केरली स्कूल के प्राचार्य राजेश पिल्लई ने कहा कि राइजिंग टुगेदर की भावना पर आधारित रांची सहोदय कांप्लेक्स समग्र विकास और शिक्षा के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सतत प्रयत्नशील है। इससे पहले उन्होंने सहोदय कांप्लेक्स की ओर से श्री शर्मा को स्मृति चिन्ह और शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सहोदय कांप्लेक्स रांची की सचिव पारोमिता साहा, ट्रेजरर शालिनी विजय , डॉ० मनोहर लाल, समिता सिन्हा ,( डॉ) कैप्टन सुमित कौर सहित सीबीएसई से संबंधित 50 से अधिक स्कूलों के प्राचार्य अभिनंदन समारोह में मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ० सुषमा दीक्षित ने किया।
