धनबाद। हत्याकांड की जांच के दौरान धनबाद पुलिस व आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मैथन से गिरफ्तार किया था। इसके बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए उसे टुंडी के मनियाडीह ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की व फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीण एसपी मो. याकूब ने बताया कि अगस्त महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र से राम प्रताप प्रसाद के लापता होने की शिकायत मिली थी। उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया था कि वह दो दिनों से घर नहीं लौटे हैं। शिकायत में शंकर डे पर संदेह जताया गया था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मैथन के पास उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शंकर डे ने राम प्रताप की हत्या की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि जून महीने में गोंदूडीह क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना को दोनों ने मिलकर अंजाम दिया था। लूट की रकम के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद शंकर ने कथित तौर पर राम प्रताप की गोली मारकर हत्या कर दी। ग्रामीण एसपी ने यह भी बताया कि पूर्व में मनियाडीह क्षेत्र से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान राम प्रताप प्रसाद के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में शंकर डे की संलिप्तता सामने आई है। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है।फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस उससे आगे पूछताछ करेगी। हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के साथ-साथ उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि व अन्य संभावित मामलों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।
