आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय और पोषाहार में देरी के लिए झारखंड सरकार जिम्मेदार: अन्नपूर्णा

Politics

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार और सेविकाओं-सहायिकाओं के मानदेय का भुगतान समय पर नहीं होने के लिए झारखंड सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। शुक्रवार को जमशेदपुर के निर्मल गेस्ट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नियमित रूप से फंड जारी कर रही है, लेकिन राज्य सरकार की इच्छाशक्ति की कमी के कारण इसका लाभ संबंधित लोगों तक समय पर नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले में तत्काल कदम उठाने की अपील की।

अन्नपूर्णा देवी ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस को लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास बनाए रखना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भाजपा एसआईआर के समर्थन में अभियान चलाएगी। इस दौरान युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक को इस प्रक्रिया के महत्व की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर जनता के सामने अपना पक्ष रखेगी और लोगों को एसआईआर के उद्देश्य से अवगत कराएगी। अन्नपूर्णा देवी ने दावा किया कि देश में पहले भी आठ बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव में जीत मिलने पर चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाने और हार के बाद निर्वाचन प्रक्रिया पर आरोप लगाने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जनता को गुमराह करने की कोशिश है।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस पर संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि विदेशों में देश की आलोचना करने के बजाय उन्हें देश के विकास के लिए रचनात्मक सुझाव देने चाहिए। चुनाव प्रक्रिया पर कांग्रेस के सवालों को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यदि पार्टी को निर्वाचन व्यवस्था पर इतना ही अविश्वास है, तो उसके 99 सांसदों को पहले इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक विरोध के नाम पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास का माहौल बना रही है। प्रेस वार्ता में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Spread the love