जेवीएम श्यामली के शिखर मोहन का इंडिया-ए टीम में चयन

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर भारतीय क्रिकेट में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। रांची के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम), श्यामली के पूर्व छात्र शिखर मोहन का इंडिया-ए क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज और स्पिन ऑलराउंडर शिखर घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन और रणजी ट्रॉफी मुकाबलों में लगातार शतक जड़ने के बाद इस मुकाम तक पहुंचे हैं। वे न्यूजीलैंड दौरे पर भारत-ए की ओर से टेस्ट सीरीज में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। यह जानकारी देते हुए जेवीएम श्यामली की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

जेवीएम की ओर से जारी इस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया कि क्रिकेट सम्राट महेन्द्र सिंह धाेनी माही के बाद अब जेवीएम से अब शिखर मोहन की बारी है, जाे 24 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित न्यूजीलैंड दौरे पर न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य बीएन झा ने शिखर की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका चयन संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की खेल संस्कृति, अनुशासित वातावरण, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और पढ़ाई के साथ खेल को प्रोत्साहन देने की परंपरा ने शिखर की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक डॉ मोती प्रसाद ने उनके आक्रामक खेल, रनों की भूख और विकेट लेने की क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के मैदान पर मिले शुरुआती अनुभवों ने उनके छात्र शिखर मोहन को तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता विकसित करने में मदद की।

Spread the love