Eksandeshlive Desk
पलामू: प्रेमी से शादी करने की जिद में युवती रविवार को एक बार फिर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के पदमा सूर्य मंदिर के पास हुई इस घटना से इलाके में लगातार दूसरे दिन अफरा-तफरी मच गई। रविवार को युवती करीब दो घंटे तक टावर पर चढ़ी रही। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों को उसे नीचे उतारने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। युवती की जिद है कि उसकी शादी गांव के उसी युवक से कराई जाए, जिससे वह प्रेम करती है। खास बात यह है कि शनिवार को टावर से उतरने के बाद शाम में युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए मनातू थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्राथमिकी के बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद युवती एक बार फिर उसी मांग को लेकर टावर पर चढ़ गई। इससे पुलिस और परिजनों की परेशानी बढ़ गई। रविवार को युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विक्की कुमार सहित पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। वह अपनी मांग पर अड़ी रही। वह प्रेमी से शादी कराने की मांग कर रही थी। इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।मालूम हो कि युवती शनिवार को भी प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। उस दिन करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद परिजनों, ग्रामीणों और पुलिस के समझाने पर वह नीचे उतरने के लिए राजी हुई थी। थाना प्रभारी विक्की कुमार ने बताया कि जांच में युवक और युवती बालिग पाए गए हैं। युवती के आवेदन पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
